झारखंड

डोरंडा कॉलेज में छात्रा की फोटो लेने पर हंगामा, छात्र संगठनों का जोरदार विरोध

रांची : राजधानी रांची के डोरंडा कॉलेज में एक छात्रा की गरिमा के साथ कथित खिलवाड़ के आरोप को लेकर माहौल गरमा गया है। आरोप है कि सेमेस्टर-1 के एक छात्र ने अपनी ही कक्षा की छात्रा की बिना अनुमति आपत्तिजनक तरीके से फोटो लेने की कोशिश की।  छात्रा  के भाई ने जब इसका विरोध किया तो उस पर दबाव बनाया जाने लगा। छात्रों ने भी बीकॉम विभाग की एचओडी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कि एचओडी ने छात्रा से कथित तौर पर कहा है कि इतना चलता है, लड़की हो तो थोड़ा मैनेज करो। इस घटना के सामने आने के बाद छात्रों में भारी गुस्सा है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि अकादमी संस्थान सुरक्षित जगह होनी चाहिए, लेकिन अगर वहीं सम्मान और सुरक्षा पर सवाल उठने लगें तो यह बेहद गंभीर मामला है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मामले को लेकर छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने कड़ी आपत्ति उठाई है।

 

घटना की जानकारी फैलते ही कॉलेज के छात्र एकजुट हो गए। छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ एक छात्रा का मामला नहीं, बल्कि पूरे छात्र समुदाय की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा सवाल है। कई विद्यार्थियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन को ऐसे मामलों में तुरंत और पारदर्शी कदम उठाने चाहिए, ताकि छात्रों का भरोसा बना रहे।

इस घटना के बाद कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। छात्राओं का कहना है कि कॉलेज में ऐसा माहौल होना चाहिए, जहां वे बिना डर के पढ़ाई कर सकें। अगर किसी छात्रा को अपमान या असुरक्षा महसूस होती है, तो यह पूरे सिस्टम के लिए चिंता की बात है। कई छात्रों ने यह भी कहा कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव दिखना चाहिए। छात्रों और संबंधित पक्षों की ओर से मांग की जा रही है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच पूरी की जाए और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो। फिलहाल इस घटना को लेकर कॉलेज परिसर में चर्चा तेज है और सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।

Share on