झारखंड

जमीन विवाद में बहा खून, गिरिडीह में 80 वर्षीय महिला की हत्या

गिरिडीह  : झारखंड के गिरिडीह जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पचंबा थाना क्षेत्र के सुंदरटांड़ में कथित तौर पर जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मृतका पोथवा देवी के परिवार की खतियानी जमीन पर बुधवार सुबह बाउंड्री वॉल बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंचे और जमीन पर अपना दावा जताते हुए काम रुकवा दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और समाधान का भरोसा दिया।

 

परिजनों का आरोप है कि शाम होते-होते मामला और भड़क गया। उनका कहना है कि दूसरे पक्ष के लोग कथित तौर पर लाठी-डंडों के साथ घर में घुस आए और परिवार के लोगों, खासकर महिलाओं पर हमला कर दिया। इसी दौरान 80 वर्षीय पोथवा देवी गिर पड़ीं और अचेत हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि सुबह से ही तनाव की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन समय रहते ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। परिवार का कहना है कि अगर पुलिस सक्रियता दिखाती, तो शायद यह घटना टल सकती थी। इसी आरोप को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। इलाके में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पचंबा थाना पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियां और साफ होंगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। झारखंड के कई इलाकों में जमीन विवाद अक्सर तनाव की वजह बनते रहे हैं, लेकिन गिरिडीह की यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि छोटे विवाद भी कितनी जल्दी हिंसक रूप ले सकते हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और पूरे इलाके में हालात पर नजर रखी जा रही है।

Share on