12-13 मई को झारखंड के कई जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, गरज और तेज हवाओं की चेतावनी
रांची : झारखंड में इन दिनों आंख-मिचौनी का खेल जारी है। सुबह से दो बजे तक तेज धूप और किसानों को परेशानी हो रही है, लेकिन जैसे ही दिन ढलने लगता है, मौसम अचानक करवट ले रहा है। कहीं तेज तूफान चल रहा है, तो कहीं गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यह फिल्म अभी थमाने वाला नहीं है। 17 मई तक राज्य का मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह मध्य प्रदेश और हिमालयी क्षेत्र की तरफ से पश्चिम बंगाल की ओर बना चक्रवाती तूफान है। इस सिस्टम का असरदार पर भी असर दिख रहा है।
मौसम विभाग ने 12 मई के लिए रांची समेत 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की भी संभावना है। वहीं पलामू और गढ़वा को छोड़कर राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। इन इलाकों में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
13 मई को भी मौसम का मिजाज आक्रामक बना रहेगा। मौसम विभाग ने रांची समेत 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर और दुमका में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
14 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम बिगड़ा रह सकता है। दोपहर बाद बादल छाने, तेज हवा चलने और बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है। हवा की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 15 मई को पूरे झारखंड में मौसम खराब रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यानी किसी भी जिले में दोपहर या शाम के समय अचानक मौसम बदल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि आंधी और वज्रपात के समय खुले मैदान में जाने से बचें और पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों, क्योंकि इससे हादसे का खतरा बढ़ सकता है। दोपहिया वाहन चलाने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि तेज हवा और अचानक बारिश से संतुलन बिगड़ सकता है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है, ताकि खराब मौसम आने से पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचा जा सके। साथ ही लोगों से मोबाइल पर मौसम विभाग के अलर्ट और अपडेट लगातार देखते रहने को कहा गया है। इस बदले मौसम से लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन तेज आंधी, वज्रपात और अचानक बारिश परेशानी भी बढ़ा सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिन मौसम को हल्के में लेना ठीक नहीं होगा।





