झारखंड

“गढ़वा नगर परिषद को विधायक ने दिए 10 लाख”

गढ़वा : झारखंड के गढ़वा शहर को और बेहतर बनाने की दिशा में विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने एक अहम कदम उठाया है। गढ़वा परिषद में नगर परिषद के सामने के साथ हुई बैठक के दौरान उन्होंने ‘जगमग गढ़वा’ योजना के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से शहर की सड़कों और मोहल्लों में लाइटिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से बैठक की। इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड महापौरों ने शहर के विकास से जुड़ी कई योजनाओं और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। लोगों ने खासकर स्ट्रीट लाइट और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपनी बातें रखीं।

 

विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि गढ़वा के नागरिकों की सुविधा और शहर का सौंदर्य बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 10 लाख रुपये की इस राशि से शहर के अलग-अलग हिस्सों, गलियों और मोहल्लों में आधुनिक लाइटिंग लगाई जाएगी। इससे रात के समय न सिर्फ शहर जगमग करेगा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य और केंद्र सरकार से अतिरिक्त फंड लाने के प्रयास भी लगातार जारी हैं। साथ ही उन्होंने सभी पार्षदों से अपील की कि वे मिलकर गढ़वा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में पूरी निष्ठा से काम करें।

नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग मुख्य चौराहों और अंधेरी गलियों में बेहतर रोशनी व्यवस्था सुनिश्चित करने में किया जाएगा। इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम गुप्ता उर्फ पुतुल, वार्ड पार्षद सुनील कुमार, पार्षद प्रतिनिधि अप्पू, उमेश कश्यप, राजू कुशवाहा, मुकेश दास, सुभाष गौड़, विशाल गुप्ता सहित कई अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

Share on