बिहार

“बिहार में बर्ड फ्लू का खतरा: भागलपुर रेड ज़ोन, पोल्ट्री फार्म पर सख्ती”

पटना : बिहार के भागलपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद हड़कंप मच गया है। बरारी स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट पालन केंद्र में पिछले दो हफ्तों से हो रही मुर्गियों की रहस्यमयी मौत का कारण अब सामने आ गया है। भोपाल की लैब से आई रिपोर्ट में खतरनाक H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। अब तक करीब 3000 मुर्गियों की मौत हो चुकी है। इसके बाद जिला प्रशासन ने पूरे इलाके को ‘रेड जोन’ घोषित कर दिया है और सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पहले सैंपल पटना और कोलकाता भेजे गए थे, लेकिन रिपोर्ट स्पष्ट नहीं होने पर उन्हें भोपाल भेजा गया, जहां संक्रमण की पुष्टि हुई। कुक्कुट केंद्र के अधिकारियों के अनुसार SOP के तहत इस फार्म को ‘एपिक सेंटर’ मानते हुए 1 किलोमीटर के दायरे में सभी निजी और सरकारी पोल्ट्री फार्म बंद कराए जाएंगे। साथ ही संक्रमित मुर्गियों को मारकर सुरक्षित तरीके से दफनाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।

 



विशेषज्ञों का मानना है कि आसपास के पेड़ों पर बैठने वाले जंगली पक्षियों के जरिए यह वायरस फैला हो सकता है। बर्ड फ्लू के लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी, आंखों का लाल होना और शरीर में दर्द शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें और मृत पक्षियों के संपर्क में न आएं। हालांकि डॉक्टरों ने राहत देते हुए कहा है कि बाजार में मिलने वाला चिकन और अंडा सुरक्षित है, बशर्ते उसे अच्छी तरह पकाकर खाया जाए। विशेषज्ञों के अनुसार H5N1 वायरस 70 डिग्री सेल्सियस पर नष्ट हो जाता है, जबकि सामान्य रूप से चिकन 100 डिग्री सेल्सियस पर पकाया जाता है। प्रभावित क्षेत्र में फिलहाल कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Share on