फर्जी डॉक्टर का भंडाफोड़: 12वीं पास युवक चला रहा था ठगी का जाल

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी स्थित प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला सामने आया है, जिसने कैंपस की सुरक्षा और छात्राओं की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ खुद को डॉक्टर बताकर कैंपस में बेरोकटोक घूम रहे एक युवक को प्रशासन ने दबोच लिया है। हैरत की बात यह है कि आरोपी हसन अहमद एमबीबीएस या कोई मेडिकल डिग्री धारक नहीं है, बल्कि वह महज 12वीं पास है।

 

बड़े षड्यंत्र की आशंका से हड़कंप

उसके पकड़े जाने के बाद जो खुलासे हुए हैं, वे किसी बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा कर रहे हैं। मामले का खुलासा तब हुआ जब केजीएमयू प्रशासन को परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। डीन डॉ. के.के. सिंह और कुछ सतर्क छात्र-छात्राओं ने मिलकर आरोपी को घेरा और उसे सर्जरी विभाग के पास से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आईडी कार्ड, लेटरहेड और कई अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए, जिनका उपयोग वह खुद को डॉक्टर साबित करने के लिए करता था। केजीएमयू प्रशासन ने तत्काल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया और डॉक्टर अंकुर बजाज की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बातों में फंसाकर लड़कियों का ब्रेनवॉश करता था आरोपी

आरोपी के तौर-तरीके बेहद शातिर थे। वह मेडिकल कैंप आयोजित करने के बहाने छात्राओं के करीब आता था और उन्हें अपनी बातों में फंसाकर ब्रेनवाश करने की कोशिश करता था। मुख्य रूप से हिंदू लड़कियों को टारगेट करने वाला यह युवक उन्हें एम्स दिल्ली में किसी बड़े अमेरिकी डॉक्टर से मिलवाने या विशेष ट्रेनिंग का लालच देकर कैंपस से बाहर ले जाने का प्रयास करता था। जांच में लव जिहाद और धर्मांतरण का एंगल सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या यह युवक अकेला था या इसके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है जो शिक्षण संस्थानों में इस तरह की साजिशों को अंजाम दे रहा है।

लव जिहाद के नेटवर्क की तालाश

आरोपी पर मरीजों और उनके परिजनों को भी इलाज के नाम पर ठगने का आरोप है। केजीएमयू प्रशासन ने अपनी सुरक्षा में हुई इस चूक को बहुत गंभीरता से लिया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था को और कड़ा करने का आश्वासन दिया है। यह घटना अब कैंपस में पहले से चर्चाओं में रहे लव जिहाद और धर्मांतरण के अन्य मामलों की कड़ी के रूप में देखी जा रही है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस बड़े नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Share on