झारखंड

रांची खेलगांव में वेतन विवाद पर बवाल, कपड़ा कंपनी के मजदूरों का प्रदर्शन

रांची : रांची के खेलगांव इलाके में स्थित कपड़ा कंपनी ओरिएंट में इन दिनों माहौल काफी गरम है। यहां काम करने वाले मजदूरों ने अनियमित वेतन से परेशान होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें समय पर सैलरी नहीं मिल रही, जिससे उनका रोजमर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि वे रोज समय पर काम पर आते हैं और अपनी ड्यूटी पूरी करते हैं, लेकिन जब सैलरी की बारी आती है तो कंपनी टालमटोल करती है। कई कर्मचारियों ने बताया कि उनका वेतन हफ्तों और कभी-कभी महीनों तक अटका रहता है।

मजदूरों का कहना है कि वे ज्यादातर दैनिक जरूरतों के लिए अपनी सैलरी पर ही निर्भर हैं। ऐसे में पैसे में देरी होने से किराया, बच्चों की पढ़ाई और राशन तक की समस्या खड़ी हो रही है। एक कर्मचारी ने कहा, “काम हम पूरा करते हैं, लेकिन पैसा समय पर नहीं मिलता, तो घर कैसे चले?”

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उल्टा उन्हें आश्वासन देकर चुप कराने की कोशिश की जाती है।

मजदूरों ने साफ कहा है कि अगर उनकी सैलरी समय पर देने की व्यवस्था जल्द नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। जरूरत पड़ी तो काम ठप करने तक का फैसला लिया जा सकता है।

कर्मचारियों ने स्थानीय प्रशासन से भी हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस मामले को नहीं सुलझाया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

Share on