झारखंड

गुमला में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में ASI गिरफ्तार, रक्षक पर लगा गंभीर आरोप

गुमला : झारखंड के गुमला जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। एक एएसआई पर नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने, उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी एएसआई मनोज पासवान को रांची से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर गुमला महिला थाना में नमाजद प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

प्राथमिकी के अनुसार, यह मामला साल 2017 से जुड़ा है। उस समय पीड़िता महज 16 साल की थी। आरोप है कि मनोज पासवान ने पीड़िता की मां की एक इंश्योरेंस पॉलिसी कराई थी। इसी बहाने उसका परिवार में आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे आरोपी ने पीड़िता से फोन पर बातचीत शुरू की और नजदीकी बढ़ाई। परिवार को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह पहचान आगे चलकर इतने गंभीर आरोपों में बदल जाएगी। पीड़िता का आरोप है कि साल 2017 में आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गुमला के पटेल चौक के पास बुलाकर एक होटल में ले गया। वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद यही वीडियो उसके लिए डर और दबाव का जरिया बन गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी लंबे समय तक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका यौन शोषण करता रहा। शिकायत के मुताबिक, आरोपी डर और दबाव का माहौल बनाकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर करता था। मामले में लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जब पीड़िता की मां को इस मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने आरोपी से वीडियो डिलीट करने की गुहार लगाई। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें गुमला के एक पार्क में बुलाया और वहां बेहद अपमानजनक व्यवहार किया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद भी वीडियो नहीं हटाया गया और धमकियों का सिलसिला जारी रहा।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि हाल के दिनों में आरोपी ने उसकी छोटी बहन को भी नुकसान पहुंचाने और गलत हरकत करने की धमकी देनी शुरू कर दी थी। इससे परिवार पूरी तरह डर और तनाव में था। जब कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, तब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।

गिरफ्तार एएसआई मनोज पासवान का विवादों और अपराध से पुराना नाता रहा है। वह पहले भी इस तरह की घिनौनी हरकतों में शामिल रहा है। करीब आठ महीने पहले भी उसे गुमला स्थित उसके सरकारी क्वार्टर से अन्य महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था। उस मामले में भी उसे विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ा था और वह जेल में बंद था। वह महज दो महीने पहले ही जमानत (बेल) पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने पुराना वीडियो वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Share on