झारखंड

पाकुड़ में बेटे ने पिता की हत्या की, हसुआ से सिर पर किया वार

पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के किताझोर मोहल्ले में एक बेटे ने अपने ही 60 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि शराब के नशे में बेटे ने हसुआ से पिता के सिर पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान दिवाकर सरदार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे अनूप सरदार को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात आरोपी अनूप सरदार ने किसी बहाने से अपने पिता को घर बुलाया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अनूप ने घर में रखे हसुआ से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में दिवाकर सरदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी रात में किसी को नहीं हुई। बुधवार सुबह मामला तब सामने आया, जब आरोपी अपनी एक बेटी को उसी घर में लेकर पहुंचा। इसके बाद घर की हालत देखकर परिवार और आसपास के लोग सन्न रह गए। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी अनूप सरदार शराब पीने का आदी है और अक्सर घर में हंगामा करता था। पड़ोसियों का कहना है कि वह परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करता था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी 15 से 20 साल पहले पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में हुई थी और उसकी पांच बेटियां हैं। आरोप है कि वह पत्नी और बेटियों के साथ भी मारपीट करता था। इसी वजह से परिवार उससे अलग किराए के मकान में रहने लगा था। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि कुछ साल पहले उसने अपनी पत्नी को जलाने की कोशिश भी की थी। मृतक की पोती वर्षा सरदार ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से शराब के नशे में हिंसक व्यवहार करते थे। उन्होंने कहा कि घर का सामान तक बेच दिया गया था और कई बार घर में आग लगाने की कोशिश भी की गई थी। वर्षा के मुताबिक, घटना वाले दिन उनके पिता ने दादा को घर बुलाया और फिर उनकी हत्या कर दी। सुबह जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई।

Share on