रजरप्पा ज्वेलर्स डकैती: जमीन में छिपाया गया लूट का माल, मास्टरमाइंड की पत्नी और दामाद गिरफ्तार

रामगढ़ : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में चर्चित शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पहले सात आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी नाजमा खातुन (40 वर्ष) और दामाद शहनवाज हुसैन (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाकर रखे गए सोने-चांदी जैसे जेवरात बरामद किए गए हैं।

 

एसपी मुकेश लुनायत ने मीडिया को बताया कि बीते 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3:40 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित एनएच-23 पर शिव शंकर ज्वेलर्स दुकान में डकैती की वारदात हुई थी। घटना के बाद दुकान संचालक विष्णु प्रसाद के फर्दबयान पर रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी। स्थानीय कारोबारियों में भी दहशत का माहौल बन गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर डीएसपी चंदन वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 अप्रैल को सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस समय पुलिस ने लूटे गए सामानों में से करीब 180 आइटम, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए थे।

पुलिस बाकी लूटे गए सामान और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 10 मई को गुप्त सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका के परिवार तक पहुंच बनाई। पुलिस ने उसकी पत्नी नाजमा खातुन और दामाद शहनवाज हुसैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर नाजमा खातुन के घर में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए जेवरात बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामदगी में एक सोने जैसा हार और दो झुमके, बड़ी संख्या में चांदी जैसे कंगन, चूड़ियां और अंगूठियां बरामद की हैं। बरामद सामान में सोने जैसा धातु करीब 49 ग्राम, चांदी जैसे जेवर करीब 1350 ग्राम, कुल बरामद सामान लगभग 134 पीस शामिल हैं। इनमें डिजाइनर चूड़ियां, कंगन, अंगूठियां और अन्य आभूषण हैं। एसपी का कहना है कि इस डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही लूट के बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Share on