हनहट में सरहुल की धूम, पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकला भव्य जुलूस, उमड़ी भारी भीड़
सम्पूर्ण भारत संवाददाता। कैरो/लोहरदगा। कैरो प्रखंड के हनहट में प्रकृति पर्व सरहुल बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। शुक्रवार को आयोजित इस उत्सव में आदिवासी संस्कृति की अनुपम छटा बिखरी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने ढोल, नगाड़े और मांदर की थाप पर नाचते-गाते भव्य जुलूस निकाला, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय कर दिया। इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य सुखदेव उरांव, पूर्व जिप सदस्य पूनम मिंज, हनहट पहान बाबूलाल मुंडा और कैरो प्रखंड प्रमुख विश्राम उरांव उपस्थित रहे।
साथ ही जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष सज्जाद आलम, विकास भगत, खुर्शीद आलम, परमेश्वर उरांव, राममोहन उरांव, सुरेश उरांव, अशोक पहान और गोविंद महतो सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत कर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कैरो थाना के एसआई संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे कार्यक्रम भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए सरहुल की ढेरों शुभकामनाएं दीं।





