झारखंड

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर उत्साह: रांची में महिलाओं ने निकाली स्कूटी रैली

रांची : नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर राजधानी रांची में महिलाओं का उत्साह साफ नजर आया। बुधवार को जेल मोड़ से अलबर्ट एक्का चौक तक महिलाओं ने स्कूटी रैली निकालकर इस अधिनियम का जोरदार समर्थन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।

 

यह रैली केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर आयोजित की गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और सड़कों पर स्कूटी चलाकर अपने समर्थन का संदेश दिया।

रैली के दौरान संजय सेठ ने कहा कि संसद में तीन दिवसीय विशेष सत्र में इस अधिनियम पर चर्चा होगी। इसके लागू होने के बाद 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने का रास्ता साफ होगा। उन्होंने कहा कि इससे पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी और मजबूत होगी।

स्कूटी रैली में शामिल महिलाओं ने पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाए और इस फैसले को महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया। महिलाओं का कहना था कि यह अधिनियम उनके अधिकार और भागीदारी को नई पहचान देगा।

इधर, रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर बड़े-बड़े होर्डिंग्स भी लगाए जा रहे हैं। इनमें केंद्र सरकार के इस कदम के लिए आभार जताया जा रहा है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। रैली के जरिए साफ संकेत दिया गया कि महिलाएं अब हर स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने को तैयार हैं।

Share on