झारखंड

बर्थडे पार्टी के बहाने दुष्कर्म का मामला: सहेली समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

रांची : राजधानी रांची में बर्थडे पार्टी के दौरान युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर 13 अप्रैल को लालपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख में विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गयी।

 

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो. दानिश और मो. फहद मल्लिक को पश्चिम बंगाल भागने के दौरान खड़गपुर से गिरफ्तार किया। वहीं, सह आरोपी ओली विश्वकर्मा को रांची से ही पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार एक अन्य आरोपी शादाब अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, बीते 12 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती अस्पताल में भर्ती है और वह दुष्कर्म की शिकार हुई है। उस समय पीड़िता की हालत गंभीर थी, इसलिए तुरंत बयान नहीं लिया जा सका। अगले दिन स्थिति स्थिर होने पर महिला ने घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने बताया कि वह अपने दोस्तों ओली विश्वकर्मा की बर्थडे पार्टी में गई थी। यह पार्टी ओली विश्वकर्मा के बॉयफ्रेंड शादाब ने ऑर्गनाइज किया था। वहां केक और पिज्जा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे शक है कि खाने में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। इसी दौरान आरोपी दानिश ने उसका फायदा उठाकर दुष्कर्म किया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के बाद आरोपियों ने मामले को दबाने और सबूत मिटाने की कोशिश की। पीड़िता को भी पुलिस को जानकारी देने से रोका गया। हालांकि, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया। एसपी का कहना है कि बर्थडे पार्टी आयोजित करने वाली युवती और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपी शादाब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी पड़ताल की जा रही है।

Share on