चुनाव 26: बरपेटा मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री का गौरव गोगोई पर तीखा हमला

गुवाहाटी । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर बरपेटा मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने के कथित वादे को लेकर तीखा प्रहार किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरव गोगोई न केवल इस जन्म में बल्कि अगले सात जन्मों में भी बरपेटा मेडिकल कॉलेज का नाम बदल नहीं सकते। यह टिप्पणी गोगोई के उस बयान के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने चुनावी रैली में कथित तौर पर कहा था कि यदि कांग्रेस सत्ता में लौटती है तो कॉलेज का नाम पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद के नाम पर रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने गोगोई की राजनीतिक सोच पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह असम की सांस्कृतिक पहचान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोगोई के “बड़ असम” के विचार में पारंपरिक संदर्भों को बदला जाएगा और बांग्लादेशी तथा असमिया लोगों को एक साथ रखने की नीति अपनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि ऐसी सोच से अवैध घुसपैठियों का वर्चस्व बढ़ेगा। उन्होंने गोगोई के “बड़ असम फॉर्मूला” की कड़ी निंदा करते हुए इसे राज्य के हितों और पहचान के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई शंकर-माधव को बदलकर शंकर-अजान करने की कोशिश में लगे हुए हैं जो होने नहीं दिया जाएगा।

Share on